पानीपत। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के नियत्रंक के संज्ञान में आने के चार दिन बाद बाबरपुर एरिया के 12 राशन डिपो पर राशन पहुंच पाया है। ये राशन बुधवार रात को पहुंचाया गया। ये एक हजार क्विंटल वही गेहूं था तो चार दिन पहले गोदाम से तो उठा लिया गया था लेकिन इसकी सप्लाई डिपोधारक तक नहीं पहुंची। अब राशन कार्ड धारकों ने राहत की सांस ली है कि उन्हें इस माह का गेहूं मिल पाएगा।
बताया जा रहा है कि इस बार भी सीधे तौर पर एक हजार क्विंटल गेहूं को गबन करने की तैयारी की जा रही थी। अगर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर इस पर संज्ञान न लेते तो मामला रफा-दफा हो जाता और गरीबों का ये निवाला उनसे छिन जाता। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने इस मामले को लेकर राशन ट्रांसपोर्ट करने वाले ठेकेदार से जवाब तलब किया था। जिस पर ठेकेदार की ओर से जवाब दिया गया कि उनके ड्राइवरों की हड़ताल की वजह से राशन पहुंचाने में देरी हुई। हालांकि इस मामले की विभागीय जांच चल रही है। मामला इंस्पेक्टर के माध्यम से खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक तक भी पहुंचा। उनके नोटिस के बाद ठेकेदार ने बुधवार रात को ही राशन डिपो पर एक हजार क्विंटल गेहूं पहुंचा दिया।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की नियंत्रक नीतू सिंह ने बताया कि राशन डिपो तक पहुंचाया जा चुका है। वहीं, देरी का ठेकेदार से जवाब मिल चुका है। हालांकि इसकी विभागीय जांच की जा रही है। अगर इसमें ठेकेदार की ओर से लापरवाही मिली तो उसकी जुर्माने के तौर पर सिक्योरिटी राशि जब्त की जा सकती है।