पानीपत। आईटीआई में दाखिला लेने वाले युवाओं के लिए खुशी की खबर है। वे अगले महीने आईटीआई में दाखिला ले सकेंगे। प्रबंधन ने इसकी तैयारियां अभी से तेज कर दी हैं। युवाओं को दाखिलों से संबंधित डॉक्यूमेंट तैयार रखने की बात कही है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जीटी रोड के प्रधानाचार्य एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि सत्र 2023-24 के लिए आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया जून माह में शुरू होगा। दाखिला लेने के इच्छुक युवा संबंधित दस्तावेज तैयार कर लें। विभाग ने भी इस बारे नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। युवाओं को 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, फैमिली आईडी, ईमेल आईडी, रिहायशी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और खुद को बैंक अकाउंट होना अनिवार्य है। ईमेल आईडी किसी अन्य साइट पर रजिस्टर्ड नहीं होनी चाहिए, बल्कि कोई नई ईमेल आईडी छात्र द्वारा प्रयोग की जानी चाहिए। छात्र का अपना व्हाट्सएप नंबर भी होना चाहिए। अभ्यर्थी का नाम दसवीं कक्षा की मार्कशीट, आधार कार्ड व फैमिली आईडी में एक जैसा हों।
2019 की स्टार रेटिंग में नंबर-वन रही
डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि राजकीय आईटीआई पानीपत 2019 में स्टार रेटिंग में प्रदेश में नंबर वन रही है। दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली में आज भी पूरे प्रदेश में नंबर वन रैंक पर है।
नौ आईटीआई में 2500 सीटें
जिला में नौ आईटीआई हैं। इनमें दाखिले के लिए 2500 सीट हैं। पानीपत आईटीआई की ट्रेड के लिए पानीपत की जानी-मानी कंपनी और प्रतिष्ठानों के साथ दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली के तहत एमओयू साइन है। अभिभावकों को अपने बच्चों को दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली के तहत चलने वाली ट्रेडों में दाखिला कराना चाहिए।