पानीपत। सरकार ने शनिवार को आईएएस व एचसीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। पानीपत शहर के दो अधिकारियों के तबादले किए गए। एडीसी वीना हुड्डा और शुगर मिल के एमडी का तबादला किया गया। वहीं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी के पद पर एक दिन में दो बार तबादले के आदेश जारी किए गए। पानीपत की एडीसी वीना हुड्डा को रेवाड़ी में जिला परिषद का सीईओ बनाया गया है। वहीं 2004 बैच के एचसीएस सतबीर सिंह पानीपत के अतिरिक्त जिला उपायुक्त बने हैं। सहकारी चीनी मिल पानीपत के एमडी कुलभूषण काे जिला परिषद फतेहाबाद का सीईओ बनाया गया है। एचसीएस अजय चोपड़ा को मिल में एमडी नियुक्त किया गया है। दिन में जारी हुए आदेशों में सफीदों के एसडीएम सत्यवान सिंह मान का तबादला पानीपत में संपदा अधिकारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया। वहीं शाम को कैथल के एसडीएम संजय कुमार को संपदा अधिकारी नियुक्त करने का आदेश जारी हो गया।