पानीपत। साइबर अपराध थाना पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने मामले में फरार चल रहे गिरोह के नौवे आरोपी को वीरवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र की कुबेर कॉलोनी निवासी हैप्पी के रूप में हुई है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस पूछताछ में उसने अपने साथी सतविंदर निवासी सेक्टर 13, कुरुक्षेत्र, अर्जुन निवासी तुसांग गांव, करनाल, चरणदास निवासी इंद्री, आशीष निवासी सुल्तानपुर गांव, हिसार, अभिषेक निवासी गोविंदगढ़ गांव कुरुक्षेत्र, सहदेव निवासी शाहबाद , अजय निवासी इंद्री व मनोज निवासी सावल गांव, कुरुक्षेत्र के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा है। इनसे वारदात में प्रयुक्त पांच मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड व दो पास बुक बरामद कर सभी आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
आरोपियों ने टाटा कैपिटल फाइनेंस कंपनी से लोन, होम लोन, बिजनेस लोन, प्रॉपर्टी लोन व पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर फर्जी पंपलेट छपवाकर हरियाणा, राजस्थान व हिमाचल के विभिन्न जिला में चस्पा किए थे। इसमें मोबाइल नंबर भी अंकित करवाया था। पंपलेट देखकर लोग उनके पास फोन करते। आरोपी दूसरे नंबर से फोन कर लोन दिलाने के झांसे में लेकर उनसे फाइल चार्ज व कागजों में कमी होने की बात बोलकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने जून में सौंदापुर निवासी दीपक के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। उससे 8726 रुपये की ठगी की गई थी। उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार किया गया है।