सीआईए थ्री पुलिस टीम ने तहसील कैंप में स्थित पिज्जा गैलरी में सहेलियों के साथ बैठी महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर भागने वाले आरोपी को सोमवार देर शाम सिवाह बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कुलदीप निवासी अशोक विहार कॉलोनी के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि थाना तहसील कैंप में ज्योति निवासी गाजियाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 3-4 दिन से अशोक विहार कॉलोनी में अपने मायके में आई हुई है। आठ जून को वह शाम बाद करीब चार बजे अपनी सहेली प्रीति, नेहा व शीला के साथ तहसील कैंप में स्थित पिज्जा गैलरी में पिज्जा खाने के लिए आई थी। वह सभी पिज्जा दुकान में अंदर बैठे थे। दुकान में एक युवक सिर पर हेल्मेट पहने घूम रहा था। युवक मौका मिलते ही उसके गले से सोने की चेन पेंडिल सहित तोड़कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया। ज्योति की शिकायत पर थाना तहसील कैंप में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
पुलिस टीम ने सोमवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी को सिवाह बस अड्डे के नजदीक से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान कुलदीप निवासी अशोक विहार कॉलोनी के रूप में बताते हुए चेन स्नेचिंग की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह काफी समय से ऑनलाइन जुआ खेल रहा है। जुआ में काफी पैसे हारने के बाद उसके उपर करीब 2.50 लाख रुपये कर्ज चढा हुआ है। कर्ज उतारने के लिए आरोपी ने चेन स्नेचिंग की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी सोमवार को हरिद्वार भागने की फिराक में था। उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
चेन व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने के लिए पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।