संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। वीवर्स कॉलोनी स्थित एक मकान में नकदी व जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को सीआईए टू पुलिस ने सिवाह बस स्टैंड के पास से शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान ईदगाह काॅलोनी हाल इंद्रा विहार कॉलोनी निवासी मोनू के रूप में हुई। पूछताछ में मोनू ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात देने के बारे में स्वीकारा।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म का एक युवक बस स्टैंड के पास घूम रहा है। पुलिस ने युवक को काबू कर उससे पूछताछ की तो उसने करीब एक सप्ताह पहले रात के समय वीवर्स कॉलोनी में एक घर में घुसकर 12 हजार रुपये व सोने चांदी के जेवरात चार अंगूठी, दो पायल व एक गले का सेट चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। चोरी की वारदात बारे थाना पुराना औद्योगिक में रविंद्र निवासी वीवर्स कॉलोनी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। आरोपी मोनू के हिस्से में चोरी के 12 हजार रुपये आए थे। जिसमें से उसने छह हजार रुपये खाने पीने में खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी मोनू के कब्जे से बचे छह हजार रुपये बरामद कर पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा दिया।