समालखा। सीआईए वन पुलिस टीम ने चुलकाना धाम श्री श्याम बाबा मंदिर के बाहर युवक से मोबाइल छीनने वाले आरोपी को शुक्रवार देर शाम गन्नौर के पटेल नगर से गिरफ्तार किया। आरोपी ने वारदात को अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। उसने मोबाइल को एक राहगीर को दो हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान कृष्ण निवासी पटेल नगर, गन्नौर के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि थाना समालखा में नाहर सिंह निवासी बबैल ने शिकायत देकर बताया था कि वह 17 मार्च को परिवार सहित चुलकाना धाम श्री श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए आया था। दर्शन करने के पश्चात मंदिर के बाहर आकर फोन से फोटो क्लिक कर रहा था। तभी दो अज्ञात युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया था। आरोपी कृष्ण ने पूछताछ में बताया कि सोनीपत के गढ़ी झंझार निवासी अपने साथी आरोपी समेदिन उर्फ पिंटू के साथ मिलकर उसने वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपी नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए दोनों ने मोबाइल छीना और गन्नौर में एक युवक को दो हजार रुपये में बेच दिया था।