समालखा। जीटी रोड पर गांव मच्छरौली के पास दो ढाबा संचालकों में मारपीट हो गई। एक ढाबा संचालक ने दूसरे पर पिस्टल व तलवारों से हमला कर 46250 रुपये लूटने का आरोप लगाया है। ढाबा संचालक ने दूसरे ढाबा संचालक दो भाइयों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों भाइयों पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मच्छरौली निवासी राजेश ने बताया कि उसका जीटी रोड पर गांव मच्छरौली के पास शिवगंगा के नाम से ढाबा है। 22 जून की रात करीब साढ़े 11 बजे ढाबे के चौकीदार ने बताया कि पड़ोसी बाबा दा ढाबा के मालिक जितेंद्र उर्फ सनी ने उसके और एक ट्रक चालक के साथ मारपीट की है। वह ढाबे पर गया और उसने जितेंद्र को भविष्य में ऐसा न करने को कहा और वह अपने ढाबे पर काम करने लगा। कुछ देर बाद सनी अपने भाई वीरेंद्र उर्फ गोली व आशीष के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में आया। वीरेंद्र हाथ में पिस्टल, आशीष तलवार व सनी अपने हाथ में लोहे की रोड लिए हुए था। उन्होंने आते ही उन पर पिस्टल तान दी और गल्ले से 46250 रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसी वक्त भाई भी मौके पर पहुंचा तो आरोपी उन दोनों को घसीटते हुए ढाबे में ले गए। वहां पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस के आने से पहले मौके से फरार हो गए।