बापौली। सनौली खुर्द गांव की महिला पंच ने ग्राम पंचायत द्वारा पारित किए गए प्रस्ताव पर जाली हस्ताक्षर करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत पंच ने जिला उपायुक्त को शपथ पत्र के साथ दी है। इस मामले में महेंद्र चावला ने भी शिकायत भेज कर जिला उपायुक्त से ठोस कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जिला उपायुक्त को भेजी गई शिकायत में महेंद्र चावला ने बताया कि ग्राम पंचायत सनौली खुर्द के कुछ सदस्यों ने एक जनवरी 2024 को एक झूठा प्रस्ताव पास किया है जिसमें लिखा है कि हाई कोर्ट चंडीगढ़ ने पंचायती जमीन बेचने-तबादला करने के आदेश जारी किए हैं। जबकि हाई कोर्ट द्वारा पंचायती जमीन को बेचने का ऐसा कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता महेंद्र चावला ने बताया कि सरपंच संजय त्यागी, परिवार के लोगों ने पंचायती जोहड़ की जमीन पर अवैध कब्जे कर रखे हैं। इसके बारे में कोर्ट की ओर से दखल वारंट भी जारी किया जा चुका है। जिसके बाद ग्रामीणों ने जोहड़ की जमीन की कीमत लगाने के लिए ग्राम पंचायत को एक प्रार्थना पत्र दिया था और हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। जिस पर हाईकोर्ट ने सरकार को एक महीने के अंदर-अंदर नियमानुसार निर्णय लेने के आदेश जारी किए थे। जोहड़ और फिरनी की जमीन को बेचने या बदला करने संंबंधी कोई भी आदेश जारी नही किए थे।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट चंडीगढ़ पहले की कह चुके हैं कि न तो पंचायती जोहड़ की जमीन की प्रकृति बदली जा सकती है और न पंचायती जोहड़ और फिरनी की जमीन की कोई कीमत लगाई जा सकती है। कुछ अवैध कब्जाधारी कोर्ट आदेश की अवहेलना करके जोहड़ की पंचायती जमीन को हड़प करना चाहते हैं। ग्रांम पंचायत ने पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक एक झूठा प्रस्ताव पास किया है और वार्ड नंबर 10 की पंच आरती देवी के जाली हस्ताक्षर भी करवा दिए। इसके संबंध में आरती ने उपायुक्त को एक शपथपत्र भेजा है जिसमें लिखा है कि 01 जनवरी 2024 की ग्राम पंचायत की बैठक में हाजिर ही नहीं थी और न ही उसने 01 जनवरी को किसी भी प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं। शिकायत कर्ता महेंद्र चावला ने उपायुक्त को शिकायत पत्र के माध्यम से झूठे प्रस्त्वाव पर हस्ताक्षर करने वाले पंचायत सदस्यों के विरुद्ध कारवाई की मांग की है।
वर्जन
सनौली खुर्द की वार्ड संख्या 10 की पंच आरती देवी के पति तनुज त्यागी का कहना है कि प्रस्ताव पर आरती देवी के हस्ताक्षर नहीं हैं। जो किए गए हैं वे जाली हैं। इसकी शिकायत उन्होंने जिला उपायुक्त को दे दी है।
वर्जन
इस विषय में सरपंच संजय त्यागी का कहना है कि किसी भी प्रस्ताव पर जाली हस्ताक्षर नहीं हैं। सभी हस्ताक्षर सही हैं।