पानीपत। थाना साइबर क्राइम पुलिस की टीम ने खाते से कटे पैसे वापस भेजने के नाम पर जींद के युवक से 57500 की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को राजस्थान के डूंगरपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान यश निवासी गोला डूंगरपुर राजस्थान के रूप में हुई।
थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीन ने बताया कि खातला जींद निवासी अनीष ने शिकायत दी थी कि वह दो अगस्त 2023 को किसी काम से पानीपत आया था। इस दौरान मोबाइल पर एक विज्ञापन आया। उसने क्लिक किया तो खाते से 500 रुपये कट गए। विज्ञापन की स्क्रीन पर दिए मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो बात कर रहे युवक ने कहा 500 रुपये और डाल दो इसके बाद आपके पैसे वापस कर देंगे। युवक ने इस प्रकार बार बार झूठ बोलकर उससे खाते में 57500 रुपये डलवा लिए और बाद में पैसे वापस देने के मना करते हुए फोन काट दिया। अनीष की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
इंस्पेक्टर प्रवीन ने बताया कि पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच करते हुए वीरवार को राजस्थान के डूंगरपुर जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी ने ठगी गई नगदी में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 15 हजार रुपये व वारदात में प्रयुक्त सिमकार्ड बरामद कर आरोपी की रिमांड अवधी पूरी होने पर शनिवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।