पानीपत। थाना चांदनी बाग पुलिस टीम ने उग्राखेड़ी गांव निवासी युवक से विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने मामले में गिरोह के एक आरोपी को वीरवार को मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपी से पैसों की बरामदगी व पूछताछ करने के लिए उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि गजेंद्र निवासी कीर्ति पैलेस, मेरठ को गिरफ्तार किया गया है। गौरव निवासी उग्राखेड़ी ने शिकायत देकर बताया था कि वह वर्क वीजा पर विदेश में काम करना चाहता था। भाई सचिन की दोस्त के माध्यम से सुशील लखानी नाम के युवक से मुलाकात हुई थी। सुशील लखानी ने सचिन से कहा कि वह कानूनी तरीके से विदेश भेजने और नौकरी लगवाने का काम करवाते है। सुशील लखानी ने विदेश भेजने की बात कही तो भाई सचिन ने इसके लिए मना कर दिया।
फरवरी 2023 में सुशील लखानी, आशुतोष व गजेंद्र व उसकी पत्नी गांव उग्राखेड़ी में उनके घर पर आए। चारों मिलकर कहने लगे वह उसको 15 लाख रुपये में वर्क वीजा पर आस्ट्रेलिया भेज देंगे। साथ ही कहा आस पड़ोस के और लड़कों को भी विदेश भेजने के लिए उनके पास लेकर आते हो तो पैसे और कम कर देंगे। आरोपियों पर विश्वास कर उसने व भाई सचिन ने इसके लिए हां कर दी। तीनों आरोपियों ने उसके सभी दस्तावेज लेकर उससे मार्च से मई 2023 के बीच 12 लाख रुपये कैश व खाते में अलग अलग समय में डलवा लिए। पैसे व दस्तावेज लेने के बाद आरोपियों ने दो माह में विदेश भेजने के बात कही। बाद में आरोपी उसके गुमराह करने लगे। तीनों आरोपी एक दूसरे में कमियां निकालकर आपस में गाली गलौज करने लगे। उन्हें कुछ दिन बाद पता चला तीनों आरोपी लोगों से विदेश भेजने के नाम पर पैसे लेकर बाद में आपस की लड़ाई दिखाकर पैसे गबन कर लेते हैं। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी।