थर्मल। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन हेड आफिस भिवानी के नेताओं ने विभाग में कोयला की दलाली करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही ऐसे अधिकारियों को सामने लाकर कोयले का काला खेल बंद कराने की चेतावनी दी है। इन नेताओं ने कहा कि जल्द ही प्रदेश सरकार को लिखित शिकायत देकर वे मामले से अवगत कराएंगे।
हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन हेड आफिस भिवानी की सोमवार को पानीपत थर्मल पावर प्लांट स्थित यूनियन कार्यालय में बैठक हुई। इसमें उपरोक्त मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता थर्मल यूनिट प्रधान रणधीर कैथलिया ने की। यूनियन के सर्कल सचिव सोम प्रकाश शर्मा ने कहा कि कोयले की दलाली का धंधा जोरों से चल रहा है। यूनियन जल्द ही प्रदेश सरकार को लिखित शिकायत देकर मामले से अवगत कराएगी। शर्मा ने बताया कि बाहर से लाए जाने वाले कोयले की क्वालिटी बिल्कुल ठीक नहीं है। इसकी गुणवत्ता न के बराबर है और इस कोयले को लाने में लाखों रुपये का खर्च होता है। बिजली उत्पादन में घटिया किस्म का कोयला प्रयोग होने के कारण बिजली का उत्पादन भी कम होता है। जिस कारण सरकार को बहुत नुकसान होता है।