अंबाला। सीआईए स्टाफ-1 की टीम ने हाथीखाना मंदिर के पास एक शातिर बदमाश को देशी पिस्तौल व कारतूस सहित गिरफ्तार किया हे। आरोपी की पहचान इंद्रपुरी कॉलोनी निवासी नितिन उर्फ पोला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सहायक उपनिरीक्षक हरजिंदर सिंह ने बताया कि वो अपनी टीम के साथ सेवा समिति चौक पर गश्त और जांच के लिए मौजूद थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नितिन अपने पास एक अवैध पिस्तौल लेकर हाथीखाना मंदिर के पास किसी अपराध की नीयत से खड़ा है। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर नितिन की पैंट की जेब से एक अवैध पिस्तौल और पिस्तौल के चैंबर में फंसा एक कारतूस बरामद हुआ।