कैथल। चीका क्षेत्र में मार्बल शोरूम के बाहर से कैंटर चोरी करने के मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव कैराना निवासी आशु को गिरफ्तार किया है। आरोपी दूसरे चोरी के मामले में जींद जेल में बंद था। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि गांव हेमू माजरा निवासी संदीप कुमार ने शिकायत में बताया था कि 13 जून को पटियाला रोड चीका स्थित एक मार्बल शोरूम के बाहर से अज्ञात व्यक्ति उसका कैंटर चोरी कर ले गया था। इस संबंध में थाना चीका में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने की। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।