अंबाला। बिहार से गांजा लेकर अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरे एक तस्कर को आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान खगरिया बिहार निवासी दिवाकर के रूप में हुई है। युवक के पास मिले पिट्ठू बैग से छह किलो 170 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जांच अधिकारी करन सिंह ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया था। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह मोहाली में गांजे की सप्लाई देने के लिए आया था। जीआरपी ने प्राप्त जानकारी के आधार पर मोहाली के एक ठिकाने पर दबिश दी और वहां से बिट्टू नामक सप्लायर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को शनिवार कोर्ट में पेश किया गया। यहां से दिवाकर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और सप्लायर बिट्टू को सात दिन के रिमांड पर लिया गया है।