पानीपत। कुलदीप नगर में चिकन कॉर्नर संचालक विनेश की हत्या के मामले में सीआईए-1 ने हत्यारोपी जितेंद्र को काबड़ी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विनेश के साथ काफी समय पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था, जिसके चलते उसने हत्या की। सीआईए ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि कुलदीप नगर निवासी आरोपी जितेंद्र ने पूछताछ में बताया कि उनका पहले झगड़ा हो गया था, जिसके बाद दोनों में सुलह हो गई थी और वह विनेश की कुलदीप नगर में स्थित चिकन कार्नर की दुकान पर जाने लगा। छह अक्तूबर की रात दोनों ने इकट्ठे बैठकर दुकान में शराब पार्टी की और खाना खाकर वहीं सो गए। देर रात करीब एक बजे आंख खुली और उसने उठकर पुराने झगड़े की रंजिश रखते हुए दुकान में रखे खोदने से विनेश के सिर पर वार कर विनेश की हत्या कर दी और उसका मोबाइल फोन लेकर वहां से फरार हो गया था।
पूछताछ करने, मृतक विनेश का मोबाइल बरामद करने और वारदात में प्रयुक्त खोदना बरामद करने के लिए आरोपी जितेंद्र को रविवार को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
- राजपाल सिंह, सीआईए-1 प्रभारी