गोपाल कॉलोनी के पास जींद रेलवे लाइन के पास शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले की सूचना जीआरपी को मिलने के बाद पुलिस मौके पर पंहुची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया। वहीं पर मृतक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर को जीआरपी को मीमो मिला कि गोपाल कॉलोनी के पास रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। जिस पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को काबू कर उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। मृतक के पास से मिला मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो चुका था। जीआरपी एसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 25 साल है। उसने सफेद कमीज, काली पैंट जींस की और दाहीने हाथ की बाजू पर अंग्रेजी में एएस लिखा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। जिसका शिनाख्त होने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।