पानीपत। डाडौला गांव में गली से ईंटे उठाने के विवाद में पड़ोसियों ने एक युवक को चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। चचेरे भाई ने बीचबचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर हमला किया। जानकारी मिलने के बाद सेक्टर 29 थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
गांव डाडौला निवासी अंकित ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। गत 28 अगस्त को रात साढ़े आठ बजे वह बाल कटवाने के लिए नूरपुर गढ़ी जा रहा था। जब वह अमित के घर के पास पहुंचा तो उसके चचेरे भाई सुमित के साथ अमित, मोहित, उत्तम, राजू और अन्य युवक मिलकर मारपीट कर रहे थे। वह छुड़वाने लगा तो अमित ने हाथ में लिए चाकू से सुमित की कमर पर हमला कर दिया। सुमित बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। भागते हुए कह रहे थे कि घर के सामने ईंटें ऐसे ही डालेंगे। भविष्य में रोकने का प्रयास किया तो जान से मार देंगे। वह सुमित को लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचा, जहां हालत गंभीर देखते हुए सुमित को पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। वह खानपुर लेकर पहुंचे तो वहां से रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां सुमित उपचाराधीन है।
पीड़ित ने बताया कि रात साढ़े आठ बजे झगड़ा होने के बावजूद आरोपी अमित, उत्तम, सागर, अमित, अनुराग, ललित, पवन, मंजीत, नीशू, अनुज, राहुल, मोहित, रोहित, संदीप और बिक्का साढ़े 10 बजे उनके घर पहुंचे। उन्होंने हवा में हथियार लहराते हुए परिवार को अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ में टीम जुट गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- मंजीत सिंह, सेक्टर 29 थाना प्रभारी