पानीपत। शिव चौक पर शिव मंदिर के बाहर अज्ञात आरोपी ने एक युवक पर ईंट से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सुबह पुजारी मंदिर पहुंचा तो खून देख पुजारी ने सीसीटीवी फुटेज चेक की। जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली। पुजारी ने पुलिस को सूचना दी। चांदनीबाग थाना पुलिस ने पुजारी की शिकायत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और आरोपी की धरपकड़ में जुट गई।
कुटानी रोड पहलवान चौक निवासी धनश्याम ने बताया कि वह शिव चौक, सनौली रोड पर शिव मंदिर में पुजारी है। वह 13 सितंबर की सुबह मंदिर पूजा करने पहुंचा तो मंदिर के पास काफी मात्रा में खून पड़ा हुआ था। उसने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें एक व्यक्ति एक युवक को ईंट मारते हुए दिखाई दे रहा है। उस युवक को एंबुलेंस लेकर जाती दिख रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंची तो पता चला कि ऐसे व्यक्ति को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस पीजीआई पहुंची, जहां पर युवक की पहचान शामली के कैराना के ऊंचा गांव निवासी मोसिन पुत्र इकबाल के रूप में हुई। बयान दर्ज करने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई, जिस वजह पुलिस को फिलहाल खाली हाथ लौटना पड़ा।