पानीपत। पसीना कलां गांव के पास तीन युवकों ने एक युवक का रास्ता रोककर उस पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने रंजिशन वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत सेक्टर 29 पुलिस थाना में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिहौली गांव निवासी रोहित ने बताया कि उसके गांव का ही विनय, रमन व अजय उससे रंजिश रखते हैं। वह वीरवार रात साढ़े आठ बजे अपनी मोटरसाइकिल पर पानीपत से बिहौली गांव जा रहा था। रास्ते में पसीना कलां के गांव के पास तीनों ने उसकी मोटरसाइकिल को रुकवा लिया। तीनों ने उस पर फावड़े से हमला किया। आरोपी उसे धमकी देकर फरार हो गए। उसने अपने छोटे भाई को कॉल कर बुलाया। उसने जिला नागरिक अस्पताल में अपना इलाज कराकर इसकी शिकायत पुलिस को दी है।