पानीपत। अनाज मंडी में एक जन्मदिन पार्टी में बुलाकर युवक पर पत्थर से हमला कर दिया गया। युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा रहा, सुबह होने पर स्थानीय लोगों ने उसके परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक के भाई ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है, जिस शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विकास नगर निवासी कमल ने बताया कि वह दो भाई है। उसका बड़ा भाई मुकेश उर्फ मोनू है, जो अनाज मंडी में गाड़ी लोडिंग का काम करता है। 30 अगस्त की रात टिंडा, पारवा, बोलर, निक्का और पांच अन्य युवक मिलकर मुनीम के जन्मदिन की पार्टी कर रहे थे। भाई मोनू उनके पास से गुजर रहा था तो मुनीम ने उसे शराब पिलाने के लिए बुला लिया। पार्टी के दौरान भाई का किसी बात को लेकर गाली-गलौज हो गई, जिस वजह से सभी आरोपियों ने मिलकर भाई पर पत्थर से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। भाई खून से लथपथ बेहोशी की हालत में रात भर पर वहीं पड़ा रहा। 31 अगस्त की सुबह साढ़े छह बजे अज्ञात युवक ने उसे वारदात की सूचना दी। वह मौके पर पहुंचा और भाई को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। जहां वह उपचाराधीन है।