गांव के बाहर बसने वाले डेरों को गांवों के फीडर से जोड़ा जाएगा
पानीपत। प्रदेश सरकार ने गांव के खेतों में बसने वाले डेरों में रहने वाले लोगों के लिए यहां के बिजली कनेक्शनों को गांव के फीडर से जोड़ने का फैसला किया है। इससे डेरे में बसने वाले लोगों को ज्यादा समय बिजली की उपलब्धता रहेगी। इससे पूर्व भी बिजली उपभोक्ताओं को प्रदेश सरकार की ओर से बिजली यूनिटों की दर में कटौती कर प्रदेश के नागरिकों को तोहफा दिया गया है। परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने बताया कि गांव के 1 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी डेरे इस योजना में कवर होंगे। गांव के बाहर बसने वाले डेरों को इस योजना के तहत उसी गांव के फीडर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए उपभोक्ता को 150 मीटर तक की तार नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद का खर्च उपभोक्ता से 75 रुपये प्रति मीटर के हिसाब से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को विगत एक अक्तूबर से बिजली के बिलों में लाभ देने के लिए जो दरें निर्धारित की गई थी उनमें सब्सिडी देने की योजना बनाई है। जिला के लाखों ऐसे उपभोक्ता हैं जो बिजली की 200 यूनिट खपत हर महीने करते हैं इन्हें इस योजना से सीधे तौर पर फायदा हो रहा है। मंत्री कृष्णलाल पंवार ने बताया कि मासिक 200 यूनिट तक के बिजली उपभोक्ताओं को अब 4.50 रुपये की बजाय अब 2.50 रुपये की दर से प्रति यूनिट बिजली का मासिक भुगतान किया जाता है। परिवहन मंत्री ने बताया कि सरकार बिजली उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।