भाईचारा बनाए रखने को कांग्रेसियों ने उपवास रखा
सत्ता के लिए हिंसा करवा रही भाजपा : तंवर
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। देश में सामाजिक सद्भावना के लिए सोमवार को कांग्रेसियों ने लघु सचिवालय के सामने उपवास रखा। वहीं कांग्रेसियों ने भाजपा को जमकर कोसा।
दोपहर को उपवास स्थल पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण जातीय द्वेष बढ़ा है। भाजपा सत्ता के लिए हिंसा करा रही है और देश में सद्भावना का माहौल खराब कर रही है। कांग्रेस, भाजपा की इस चाल को कामयाब नहीं होना देगी। कांग्रेस देश में भाईचारे के माहौल को बनाए रखने के लिए उपवास कर रही है, ताकि जनता में सद्भावना बनी रहे और जातीय द्वेष खत्म हो। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है। दलित आंदोलन के दौरान भाजपा ने ही हिंसा करवाई। हालांकि हरियाणा में जनता की सूझबूझ से हिंसा नहीं हुई। जबकि अन्य प्रांत में हिंसा हुई। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जबसे भाजपा की सरकार बनी है तबसे हिंसा हो रही है। हिंसा के पीछे भाजपा का ही हाथ रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जगदेव मलिक, ओमवीर पंवार, विकास त्यागी, धर्मपाल गुप्ता समेत उपवास स्थल पर पहुंचे कांग्रेसियों ने एक स्वर में जनता से सद्भावना की अपील करते हुए कहा कि जातीय द्वेष फैलाने वालों से सावधान रहें और आपसी भाईचारा बनाए रखें।