बाडी बिल्डर हवलदार को एसपी ने किया सम्मानित
पानीपत। हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मुख्य सिपाही सुनील कुमार को पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने अपने कार्यालय में बुलाकर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य सिपाही सुनील कुमार ने कुरुक्षेत्र में 7 अप्रैल को आयोजित स्टेट चैंपियनशिप बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में 80 से 85 किग्रा भार वर्ग में हिस्सा ले अपने प्रतिद्वंद्धियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया था। एसपी सुमित कुमार ने पानीपत पुलिस लाइन में जवानों को तनावमुक्त एवं स्वस्थ रखने के लिए स्थापित जिम में मुख्य सिपाही सुनील कुमार को बतोर कोच के रूप में तैनात किया हुआ है। मुख्य सिपाही सुनील कुमार इससे पहले भी कई नेशनल बॉडी बिल्डिंग व स्टेट बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कर विभिन्न पदक जीत चुका है। सुनील कुमार ने वर्ष 2019 में इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले उपलब्धियां हासिल की। वहीं 10 जनवरी 2019 को करनाल में आयोजित स्टेट बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर तृतीय, 23 फरवरी को पानीपत में आयोजित नेशनल बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में चौथा तथा 17 मार्च को जिला सोनीपत के गन्नौर में आयोजित स्टेट बाडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा ले द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।