पानीपत। थाना तहसील कैंप पुलिस ने खेल कोटे से रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर गांव जाटल के युवक से आठ लाख रुपये की ठगी करने मामले में आरोपी संदीप निवासी बांध को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत पर है।
थाना तहसील कैंप प्रभारी विजय ने बताया कि थाना तहसील कैंप में रणबीर निवासी जाटल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी संदीप निवासी बांध के साथ जान पहचान है। जुलाई 2021 में संदीप उससे मिला और उसने बताया पंजाब पोस्टल सर्विस में खेल कोटे से नौकरी निकली हुई है। संदीप ने उसके बेटे राहुल को पंजाब पोस्टल सर्विस में खेल कोटे से नौकरी लगवाने की बात कही। उसने तीन माह में नौकरी लगवाने की बात कहते हुए तीन लाख रुपये पहले व तीन लाख रुपये काम होने के बाद देने के लिए कहा। उसने अपने दामाद साहिल को भी सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए उसने 10 लाख रुपये मांगे। पांच लाख पहले व पांच लाख काम होने के बाद। उसने पांच लाख रुपये दे दिए। उसने अपने बेटे व दामाद के कुल आठ लाख रुपये संदीप को दिए थे लेकिन दोनों की नौकरी नहीं लगी। उसने पैसे भी वापस नहीं किए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।