सनौली। सनौली क्षेत्र में यमुना में आई बाढ़ से 13 गांवों की हजारों एकड़ फसल तबाह हो गई थी। सरकार ने किसानों से नष्ट हुई फसल का ब्योरा क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपडेट करने को कहा था। इन गांवों में 164 किसानों ने 786 एकड़ फसल का ब्योरा ही पोर्टल पर डाला है। सरकार के अनुसार अब इन किसानों को ही मुआवजा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि बापौली तहसील के नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारियों द्वारा फसल की मौके पर जाकर गिरदावरी की जा रही है। नायब तहसीलदार कैलाश चंद्र, कानूनगो नरेश कुमार व पटवारी सुरेंद्र ने शुक्रवार को गांव नवादा आर, रामड़ा आर व सनौली खुर्द में बाढ़ से खराब हुई फसलों की गिरदावरी की गई। बापौली के नायब तहसीलदार कैलाश चंद्र ने कहा कि जिन किसानों ने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपनी खराब हुई फसल का ब्योरा दर्ज करवाया है। उनका मौके पर जाकर निरीक्षण किया जा रहा है और सोमवार या मंगलवार तक 164 किसानों ने पोर्टल पर दर्ज करवाई गई 786 एकड़ खराब फसल की गिरदावरी पूरी हो जाएगी। उसके बाद समालखा एसडीएम व उपायुक्त पानीपत को पूरी रिपोर्ट बनाकर सौंप दी जाएगी। इसके उपरांत ही सरकार द्वारा मुआवजा दिया जाएगा।