श्रमिकों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो होगा आंदोलन
पानीपत। हिंद मजदूर सभा के पदाधिकारियों ने फैक्ट्रियों का दौरा किया। जिसमें पदाधिकारी पुष्पेंद्र शर्मा व अशोक पंवार ने श्रमिकों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि श्रमिकों से बातचीत के दौरान श्रमिकों ने कहा कि श्रम कानून का एक भी नियम फैक्ट्री में लागू नहीं हो रहा है। फैक्ट्रियों में ना पीने का पानी है ना कोई और व्यवस्था है। बाथरूम, बिजली की फिटिंग कुछ भी नियमानुसार नहीं है। तारों का जाल बना हुआ है। कभी फैक्ट्री में कोई हादसा हो तो गेट से निकलने तक का रास्ता नहीं है। न्यूनतम वेतन आधे से भी कम मिल रहा है और श्रमिक मालिकों द्वारा मर्जी से तय किए हुए रेट पर कार्य करने पर मजबूर है। उन्होंने कहा कि यकीन ना आए तो संबंधित विभाग फैक्ट्री में जाकर देख सकता है। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार व संबंधित विभाग से कई बार मांग पत्र के माध्यम से श्रमिकों की बाते रखी जा सकती है। बार-बार मांग पत्र देने के बाद भी सरकार व श्रम विभाग श्रमिकों की मांग पर ध्यान नहीं देता है तो सभी श्रमिक आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।