नौल्था के पास लावारिस हालत में एक युवक को मिली एक साल की बच्ची
इसराना। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं का नारा गुंजने के उपरांत भी नवजात बेटियों को सड़क के किनारे लावारिस हालत में फेंका जा रहा है। शुक्रवार की सांय नौल्था में जवाहर नवोदय विद्यालय के पास नौल्था से डिडवाडी जा रहे राजेश वासी डिडवाडी को करीब एक साल की बच्ची लावारिस हालत में सड़क के किनारे मिली। राजेश बच्ची को उठाकर आसपास के डेरे, ईट भट्ठे व पोल्ट्री फार्म पर बच्ची को लेकर पता किया। बच्ची के बारे में जब कोई सूचना नहीं मिली तो राजेश बच्ची को आपे घर डिडवाडी ले गया। गांव की सरपंच को सूचित करने पर सरपंच ने मामले की सूचना इसराना पुलिस को दी। इसराना पुलिस ने बच्ची को अपने पास लेकर पानीपत के सृष्टि ओपन सेंटर होम भिजवा कर कार्यवाही की है। पुलिस बच्ची के परिजनों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है और सीडब्ल्यूसी के सदस्य किरण मलिक ने बताया कि बच्ची को सृष्टि ओपन सेंटर होम में भेज दिया गया है जहां बच्ची के माता-पिता के ना पता लगने तक उसका पालन पोषण ओपन सेंटर होम द्वारा किया जाएगा।