सड़क हादसे में घायल हुए युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
पानीपत। सोनीपत-मुरथल रोड पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने रविवार को सिवाह स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोनीपत पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि सोनीपत के ताजपुर का दीपक(27) 12 मार्च को बाइक पर सवार होकर अपने किसी काम से मुरथल जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उसे टक्कर मार दी। सड़क पर सिर लगने के कारण उसे गंभीर चोट आई। राहगीरों ने घायल दीपक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।