पानीपत के इन सात गांवों में नहीं है एक भी डिफॉल्टर उपभोक्ता
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जिले में सात गांव ऐसे भी है जिनमें एक भी कनेक्टिड उपभोक्ता बकायेदार नहीं है। ये सभी सात गांव सनौली खंड के अंदर आते हैं। बिजली निगम ने इन गांवों को सम्मानित करने के लिए चिन्हित किया है। इनमें से 6 वो गांव है जो पानीपत बिल निपटान स्कीम लांच होने के बाद डिफॉल्टर सूची से बहार आए है। वहीं एक गांव ऐसा है जो पहले से ही बिजली निगम का बकाएदार नहीं था। गांव बहरामपुर, मतरौली, रमाल, घढ़ी भलौर, घढ़ी नवादा, तहारपुर व ताजपुर की पंचायतों को बिजली निगम ने चिन्हित किया है। इनमें ताजपुर, तहारपुर, घढ़ी नवादा, घढ़ी भलौर ऐसे गांव हैं जिन पर 30 जून तक आठ लाख रुपये बकाया थे लेकिन बिल निपटान स्कीम में सभी कनेक्टिड उपभोक्ताओं ने अपनी बकाया राशी जमा करवा दी, जिस कारण वो सभी गांव मुख्य धारा में आ गए। वहीं रमाल और मतरौली पर भी 5.90 लाख रुपये बकाया थे, जिन्होंने बिल निपटान स्कीम का फायदा उठाते हुए पूरी बकाया राशि जमा करवा दी। वहीं छाजपुर सब डिवीजन का एक गांव बहरामपुर ऐसा भी है जिसके सभी कनेक्टिड उपभोक्ता समय पर बिल भरते हैं। बहरामपुर गांव में किसी भी उपभोक्ता पर बिजली निगम का कोई रुपया बकाया नहीं है। जिस कारण बिजली निगम ने इन गांवों की पंचायतों को सम्मानित करने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि बिजली निगम पिछले कईं माह से सभी उपभोक्ताओं को मुख्यधारा में लाने का प्रयाश कर रहा है। निगम ने अक्तूबर माह में स्कीम लांच की थी, जिसके बाद 71 प्रतिशत उपभोक्ता मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। इन गांवों का चयन भी लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए ही किया है। जिनको जल्द ही सम्मानित किया जाएगा।