पानीपत। जिला सचिवालय में वीरवार को जनता समाधान शिविर लगाया गया। इसमें 53 लोगों ने अपनी समस्या रखी। जिसमें संबंधित अधिकाररों को इनके समाधान के निर्देश दिए। एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत की तह तक जाकर उसका तेज, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का दायित्व केवल सुनना नहीं, बल्कि जनता को वास्तविक राहत प्रदान करना है। जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को कम से कम समय में दूर कर जनता को खुशी और भरोसा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर सुशासन और सेवा भावना को सशक्त बनाते हैं। हमारा लक्ष्य है हर नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान हो। डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस का काम जनता के हितों का ध्यान रखना है, और इसी दिशा में पुलिस अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभा रही है। शिविर में सुनीता ने दिव्यांग पेंशन बनवाने की मांग की। विनय गुप्ता ने सेक्टर-12 में एससीओ नंबर 1 से 8 के पीछे सड़क पर जमा दूषित पानी के समाधान की मांग की। जौरासी गांव की बबीता ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त दिलवाने की मांग की। इस मौके पर डीएचओ शार्दुल शंकर, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी व कृषि सहायक अभियंता सुधीर मौजूद रहे। संवाद