दुकान के बाहर खड़ी दो कारों के टायर व दुकान का गेट चोरी
बापौली। सनौली गांव के बस अड्डे पर पेट्रोल पंप के सामने बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के बाहर खड़ी दो कारों के टायर व साथ की दुकान से एक लोहे का गेट चोरी कर लिया। इसकी शिकायत पीड़ित ने पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित हवासिंह व दिनेश ने बताया कि उन्होंने पानीपत-हरिद्वार रोड पर सनौली खुर्द गांव में शिव शक्ति मोटर्स के नाम से कार ठीक करने की दुकान कर रखी है। उनके पास दो कारें ठीक करने के लिए आई हुई थी जिनको वह रात को ठीक-ठाक छोड़कर गए थे। लेकिन सुबह आकर देखा तो दोनों गाड़ियों के आठ टायर गायब थे। साथ ही दुकान से अन्य सामान भी गायब था और शीशे भी टूटे हुए थे। पीड़ितों ने बताया कि उनको लाखों रुपये का नुकसान हुआ है जिसकी शिकायत उन्होंने सनौली थाना पुलिस को कर दी है। वहीं साथ लगती एक अन्य लोहे के गेट व जाली बनाने की दुकान के बाहर खड़ा किसी का बनाया हुआ गेट भी अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया है। सनौली खुर्द थाना पुलिस का कहना है कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।