फोटो 18
टोल प्लाजा पर लगाया हेल्पलाइन नंबर, डिस्प्ले पर थानों के नंबर ही गलत
तीन माह में टोल प्लाजा पर लूट की नौ वारदात को दिया गया है अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जीटी रोड पर पानीपत का टोल प्लाजा बदमाशों के वारदात करने के लिए सबसे महफूज क्षेत्र बन गया है। वहां बदमाश बिना किसी भय के लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। बदमाशों ने तीन माह में टोल प्लाजा के पास चार कार लूट समेत 9 लूट की वारदात को अंजाम दिया है, जब पुलिस इनको रोकने में कामयाब नहीं हुई तो आला अधिकारियों ने टोल प्लाजा पर हेल्प लाइन नंबर की डिस्प्ले लगवा दी, लेकिन इस पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर ही गलत लिख दिए। इसमें सिटी पुलिस थाने का नंबर गलत लिखा गया। सिटी थाना प्रभारी का नंबर 7056000114 है, जबकि डिस्प्ले पर 7056000110 लिखा गया है। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल नंबर 100 लिखा हुआ, जिस पर अकसर फोन नहीं मिलता। ऐसे में पीड़ितों को पुलिस की सहायता मिलना मुश्किल है।
ये हुई वारदात
8 अप्रैल को सोनीपत के युवक की दो युवतियों व एक महिला ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर टोल प्लाजा पार करते ही टाटा मैजिक लूट ली थी।
-10 अप्रैल को दिल्ली के कारोबारी की बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर यहां कार लूटी थी।
-अप्रैल में ही रिफाइनरी के अधिकारी की यहीं पर कार लूटी गई।
-मई माह में बदमाशों ने दो राहगीरों से पर्स व मोबाइल फोन लूटा
-मई माह के अंत में करनाल के व्यापारी से टोल प्लाजा के पास कार लूटी गई।
-जून माह के पहले सप्ताह में टोल प्लाजा के पास ट्रक चालक से पर्स लूटा
-जून माह में ही बाइक सवार की बाइक लूटी गई
-जून माह में ही टोल प्लाजा का दो बदमाशों ने मोबाइल फोन लूटा था।
-जून माह के अंत में पूर्व बैंक अधिकारी की कार लूटने का प्रयास किया गया था।
---------
टोल प्लाजा पर डिस्प्ले से नंबर जल्द ठीक करवाया जाएगा। पुलिस वारदात को रोकने का प्रयास कर रही है। इसके लिए गश्त भी बढ़ा दी गई है।
- राजेश लौहान, सिटी डीएसपी।