पानीपत। गोहाना रोड स्थित बिजली निगम के कार्यालय में मंगलवार को खुले दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिलेभर से 33 उपभोक्ताओं ने फरियाद लगाई। हर बार की तरह केवल चार उपभोक्ताओं की शिकायत पर ही सुनवाई हो पाई है। हरिनगर कॉलोनी के संजीव ने बताया कि पिछले तीन साल पहले उनके पास सवा तीन लाख रुपये का बिल भेजा था। अब तक वह निगम में चक्कर काट रहे हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं राहुल ने बताया कि बार-बार गलत बिल आने की शिकायत दर्ज करवाई है। दरबार में आने के बाद कह रहे हैं कि एसडीओ से बात करो पहले। खुले दरबार में धर्मबीर सिंह छिक्कारा ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी। खुले दरबार में 33 उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायत दर्ज करवाई, जिनमें से एसई ने चार शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया और बाकी बची शिकायतों पर संज्ञान लेने के लिए संबधित एसडीओ को भेजा। खुले दरबार में ज्यादातर उपभोक्ताओं की शिकायतें गलत बिलों को ही लेकर ही रही। एसई ने बताया कि गलत बिलों की जो शिकायतें आ रही हैं, वे पुरानी हैं। अब नए स्मार्ट मीटर लगने की वजह से और ऑनलाइन बिल होने पर उपभोक्ताओं को कोई समस्या नहीं हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी कहा कि वह अपना बिल जल्द से जल्द क्लियर करवा लें, ताकि उन्हें बाद में कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। उपभोक्ताओं ने कहा कि बिजली निगम गलत बिल की वजह से उन्हें बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इस मौके पर सभी सब डिविजनों के एसडीओ भी मौजूद रहे।