सनौली। दो दिन से चल रही बारिश से धान की रोपाई तेज हो गई है। पिछले कई दिनों से बिजली की चल रही कमी और बारिश न होने से धान की रोपाई करना मुश्किल हो रहा था। किसान प्रीतम सिंह, राजेश, बलवान व राजपाल ने कहा कि पिछले बीस दिनों से बिजली की कमी के चलते और बारिश न होने से धान की रोपाई नहीं हो पा रही थी। अब दो दिन से बरसात होने पर जमीन में पानी रुक गया है और धान की रोपाई हो रही है। यह किसानों के लिए काफी फायदेमंद है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजबीर गर्ग का कहना है कि बारिश का फायदा फसल को मिलेगा।