समालखा। समालखा चौकी पुलिस ने पावर हाउस रोड स्थित श्रमिकों के कमरों से चोरी के मामले में आरोपी आशीष को भापरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उससे 30 हजार रुपये नकद और बाइक बरामद की है। आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बताया कि सोमवार शाम सूचना के आधार पर आरोपी को बाइक सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उसने 15 जुलाई को श्रमिकों के कमरों में ताले तोड़कर नकदी चोरी की वारदात कबूली। यह शिकायत गांव सूखी सेमरा, चंपारण बिहार निवासी व समालखा में किराए पर रह रहे ओरगजैब ने दर्ज करवाई थी। अलग-अलग श्रमिकों के कुल 38,900 रुपये की नकदी चोरी की गई थी। जिसमें से पुलिस ने 30,000 रुपये व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है, इसी लत के कारण चोरी की। आरोपी के खिलाफ थाना सनौली में चोरी व मारपीट के चार मामले पहले से दर्ज हैं और वह चार महीने पहले बेल पर बाहर आया था। संवाद