सनौली। बिजली मीटरों में चिप लगा बिजली चोरी करने वाले 53 उपभोक्ताओं पर बिजली निगम ने 24 लाख 81 हजार 345 रुपये का जुर्माना लगाया है। समालखा सब डिवीजन के एक्सईएन रणबीर सिंह देशवाल ने बताया कि छाजपुर, बापौली, बिहौली, समालखा में बिजली चोरी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। जिन गांवों में बिजली के मीटर घरों से बाहर लगे थे, वहीं पर लाइनलॉस ज्यादा हो रहा था। इस पर इन गांवों के 62 बिजली मीटरों को जांच के लिए लैब में भेजा गया। जांच में 53 बिजली के मीटर ऐसे सामने आए, जिनमें चिप लगी थी। इसके बाद इन उपभोक्ताओं पर 24 लाख 81 हजार 345 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अगर ये ही उपभोक्ता दोबारा फिर इसी तरह की बिजली चोरी करते पकड़े जाते हैं तो इन पर जुर्माने के साथ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एक्सईएन ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं के खराब बिजली मीटरों को बदलने के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। घरों में लगे खराब मीटरों को बदलने के लिए निगम ने 20 कर्मचारियों की 10 टीमें गठित की हैं। हर टीम में दो कर्मचारी हैं, जो शिकायत पर घर-घर जाकर मीटर बदलेंगे।