पानीपत। लंपी वायरस का अभी तक जिले में कोई केस नहीं है फिर भी पशुपालकों को इस वायरस को लेकर सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इसे लेकर जिले में डॉक्टरों की टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। विभाग से 23100 गोट पोक्स वैक्सीन के डोज आ चुके हैं जिनके लगाने का कार्य आगामी शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। शुरूआती दौर में ये वैक्सीन गोशालाओं में पशुओं को दी जाएगी।
ये वायरस मच्छर और मक्खी के काटने से एक पशु के शरीर से दूसरे पशु के शरीर में फैल सकता है। इसके अलावा पशुओं की लार के संपर्क में आने से दूसरे पशु में ये वायरस फैल सकता है। संक्रमित होने की स्थिति में एक पशु को दूसरे पशु से अलग कर देना चाहिए। जैसे ही पशु को बुखार हो या उसके शरीर पर चकते हों तो सीधा उसे डॉक्टर को दिखाएं।
पशुपालन विभाग के एसडीओ अश्विनी मोर ने बताया की पूरे जिले में कुल 74 हजार 814 गाय हैं। बुधवार को 28 पंजीकृत गोशालाओं और अन्य गैर पंजीकृत गोशालाओं की बैठक बुलाकर उन्हें सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। यह भी कहा गया है कि कुछ समय के लिए पंजाब और राजस्थान से आने वाले पशुओं पर रोक लगाएं और वहां के पशुओं की इस स्थिति में खरीदारी न करें।