जन पंचायत समिति ने भापरा गांव में की सभा
समालखा। जन पंचायत समिति ने भापरा स्थित शिव मंदिर में सभा कर नपा पार्षदों के बागी होने को लोगों के बीच में रखा। वार्ड-2 की पंद्रह सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया। जन पंचायत संयोजक पीपी कपूर ने नगरपालिका को भंग करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगरपालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। आरोप लगाया कि नपा के कुछ पार्षद खुले आम चेयरमैन से पैसे मांग रहे हैं। कपूर ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष में नगरपालिका समालखा में पिछले छह सालों में हुए सभी विकास कार्यों की विजिलेंस जांच, नपा भंग कर दोबारा चुनाव कराने, पार्षदों, धन बल से नपा चेयरमैन बने अशोक कुच्छल, हलका विधायक के विरुद्ध आपराधिक केस दर्ज करवाने की मांग को लेकर 17 वार्डों में जनता को संगठित किया जा रहा है। जन पंचायत के सदस्य सतप्रकाश गर्ग ने कहा कि नपा को भ्रष्टाचार मुक्त कराने के इस आंदोलन में कोई भी नागरिक जुड़ सकता है। वार्ड-2 की पंद्रह सदस्यीय जनपंचायत कमेटी में मास्टर जगदीश, रोहतास, धर्मबीर, धर्मपाल सैनी, शैंकी शर्मा, नरेंद्र रूहल, हरिचरण, रमेश, जितेंद्र शर्मा, दीपक, विकास शर्मा, संदीप शर्मा, रामफल सैनी, शंकर शर्मा को शामिल किया गया।