पानीपत। सोमवार को बापौली सामुदायिक केंद्र प्रभारी व समालखा के एक डॉक्टर समेत कोरोना के नए 208 केस मिले हैं। इनमें 12 बच्चे भी शामिल हैं।
22 दिसंबर के बाद से ही दोनों क्षेत्रों में हर रोज लगातार कोरोना के रोगी मिल रहे हैं। आंकड़े के अनुसार, 40 लोग रिफाइनरी टाउनशिप के हैं। अब तक रिफाइनरी टाउनशिप में लगभग 250 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं वहीं समालखा में 200 से अधिक लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
कोरोना की इस लहर में अब तक 244 बच्चे कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 150 बच्चे ठीक हो चुके हैं। तीसरी लहर में अब तक 27 डॉक्टर संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 20 डॉक्टर ठीक होकर काम पर लौट चुके हैं। अब तक जिले में कोरोना से 644 लोगों की मौत हो चुकी है। तीसरी लहर में तीन लोगों की मौत हुई है। इस लहर में अब तक रिकवरी रेट 99.3 प्रतिशत है।
पांच लाख लोगों से अधिक पहुंचा टेस्टिंग का आंकड़ा
जिले में कोरोना की जांच कराने वालों का आंकड़ा पांच लाख से अधिक पहुंच चुका है। मार्च 2020 से अब तक जिले में 5,00,623 लोग अपनी जांच करवा चुके हैं। सोमवार को 1007 लोगों ने अपनी जांच कराई है। तीसरी लहर में दूसरी लहर के मुकाबले 50 प्रतिशत तक टेस्टिंग में कमी आई है। जिले में कोरोना के रोगियों की संख्या 35018 पहुंच चुकी है। जिले का कोरोना पॉजिटिविटी रेट 93 प्रतिशत है। इस लहर में अब तक कोरोना पॉजिटिविटी रेट 23 प्रतिशत है।
बूस्टर (प्रिकॉशन) डोज लेने में लापरवाही
10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मचारियों व फ्रंटलाइन वर्कर के लिए बूस्टर (प्रिकॉशन) डोज देने का अभियान शुरू किया गया था। 15 दिन में महज 3144 कर्मचारियों ने बूस्टर डोज ली है जो कुल संख्या का महज 17.9 प्रतिशत है। जिले में कुल स्वास्थ्य कर्मचारी व फ्रंटलाइन वर्कर साढ़े 17 हजार हैं। पहले दो दिन में ही 15-17 आयु वर्ग के 45 प्रतिशत पात्रों को कवर करने वाला स्वास्थ्य विभाग 20 दिन में 78.6 प्रतिशत पात्रों को ही टीके की पहली खुराक दे पाया है। स्वास्थ्य विभाग अब जिले में पात्रों की संख्या के मुकाबले 110.5 प्रतिशत लोगों को टीके की पहली डोज दी है। 69.6 प्रतिशत लोगों का दोनों डोज का कोर्स पूरा हो चुका है।
15-18 आयु वर्ग: 45,972 को पहली डोज
18- 44 आयु वर्ग: 10,57,694 को पहली डोज
18- 44 आयु वर्ग: 6,78,311 को दूसरी डोज
बूस्टर (प्रिकॉशन) डोज- 3144
लोग जल्दी ठीक हो रहे हैं ये सुखद
अब कोरोना के नए रोगियों की संख्या कोरोना से ठीक होने वालों से कम है। ये सुखद है। लोगों से अपील है कि वो कोरोना रोधी टीकाकरण अवश्य कराएं। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण है वो अपनी जांच जरूर कराएं। डॉ. सुनील संदुजा, डिप्टी सिविल सर्जन