शिवर में सामाजिक कार्यों के प्रति किया जागरूक
पानीपत। एसडी पीजी कॉलेज में सात दिवसीय एनएसएस कैंप के पांचवें दिन खास रहा। इस दिन विविध विषयों के विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, शरीरमें खून की कमी और जल संरक्षण जैसे विषयों पर अपने व्यवहारिक ज्ञान से युवाओं और ग्राम वासियों को लाभांवित किया। पांचवे दिन के मुख्य अतिथिओं एवं वक्ताओं में रेडक्रास ब्लड बैंक पानीपत से डॉ. पूजा सिंघल, सिविल सोसायटी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से राकेश भार्गव, इनरव्हील क्लब पानीपत अध्यक्ष मेघा भाटिया, क्षेत्रीय अधिकारी हरियाणा राज्य प्रदूषण बोर्ड भूपेंद्र सिंह चहल और रेडक्रास पानीपत के सचिव गौरव आर करण रहे। मेहमानों का स्वागत एसडी पीजी कॉलेज प्रधान डॉ. एसएन गुप्ता, प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा, कॉलेज में एनएसएस प्रभारी डॉ. राकेश गर्ग और एसके वर्मा ने किया। रेडक्रॉस पानीपत के सचिव गौरव आर करण ने अपना वक्तव्य भारत में सामाजिक कार्यों की संभावनाएं विषय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य परोपकारी तथा प्रजा तांत्रिक आदर्शों से विकसित हुए है और इसके नैतिक मूल्य सभी व्यक्तियों की समानता, महत्व एवं गरिमा के सम्मान पर आधारित हैं। एसडी कॉलेज प्रधान डॉ. एसएन गुप्ता ने कहा की एनएसएस कार्यकर्ताओं को व्यक्तियों की निर्धनता, भेदभाव, व्यसन, शारीरिक बीमारी, क्षति, बेरोजगारी, शैक्षिक समस्याओं, अक्षमता तथा मानसिक बीमारी जैसी जीवन की कुछ अत्यधिक कठिन चुनौतियों में मद्द का जरिया बनना चाहिए। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने कहा कि एनएसएस एक कल्याण कारी सोच है और इसके माध्यम से उपचारात्मक संबंध स्थापित कर सामाजिक कार्य किए जा सकते है।