जहरीले कीड़े के काटने से श्रमिक की मौत
पानीपत। गोहाना रोड स्थित एक स्पिनिंग मिल के क्वार्टर में एक श्रमिक की जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची किशनपुरा चौकी पुलिस ने सोमवार सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। गांव नंदौत, जिला नालंदा, बिहार निवासी धर्मेंद्र (38) गोहाना रोड स्थित एक स्पिनिंग मिल में लंबे समय से काम करता था। वह स्पिनिंग मिल के क्वार्टर में ही रहता था। धर्मेंद्र के चचेरे भाई जितेंद्र ने बताया कि रात को सभी अपने कमरों में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे धर्मेंद्र को उल्टियां होने लगीं। धर्मेंद्र की आवाज सुनकर वे पहुंचे तो उसने बताया कि किसी जहरीले कीट ने काट लिया है। उन्होंने धर्मेंद्र को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। वहां सोमवार सुबह करीब तीन बजे धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची किशनपुरा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवाया। किशनपुरा चौकी प्रभारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि जहरीले कीड़े के काटने से श्रमिक की मौत हो गई है।