सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट करने वाले 10 लोगों के लाइसेंस किए रद्द
पानीपत। लोकसभा चुनाव को जिला में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से कराने के उद्देश्य से एसपी सुमित कुमार ने पर्यवेक्षण अधिकारियों, प्रबंधक थाना व इंचार्ज चौकी के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। हथियार के साथ फेसबुक, व्हाट्सएप या अन्य किसी सोशल अकाउंटस पर पोस्ट करने वालों के लाइसेंस सस्पेंड करवाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के आदेश दिए। वहीं बताया भी गया कि अभी तक जिला में ऐसा करते पाए दस लाइसेंस धारकों के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं। एसपी सुमित कुमार ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 12 मई को प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तिथि निश्चित की गई है। इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। कानून एवं व्यवस्था को कायम रखते हुए चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने थाना व चौकी क्षेत्र में जिम्मेदारी को सुनिश्चित समझे। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश कुमार वत्स, उप पुलिस अधीक्षक राजेश फोगाट, उप पुलिस अधीक्षक बिजेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक शहर सतीश कुमार, उप पुलिस अधीक्षक समालखा प्रदीप कुमार, उप पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश व सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज व पुलिस मुख्यालय में स्थित सभी ब्रांच के प्रभारी उपस्थित रहे।