सप्लाई लाइन टूटी, दस दिन से गांव में पानी का संकट
मतलौडा। वैसर गांव से बेगमपुर गांव में जाने वाली वाटर सप्लाई की पाइप लाइन टूट जाने से गांव में पिछले दस दिन से पानी का संकट है। ग्रामीणों के बार-बार शिकायत करने के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। ग्रामीण नरेंद्र सिंह, बिल्लू और जोगेंद्र ने बताया कि वैसर गांव में लगे वाटर सप्लाई के ट्यूबवेल से उनके गांव बंगमपुर में पाइप लाइन से पानी पहुंचता है। मिट्टी में दबाई पाइप लाइन के ऊपर लोगों ने गोबर की कुरड़ियां डाली हुई हैं। अब किसानों ने इस गोबर को खेतों में डालने के लिए जेसीबी मशीन के जरिया उठाया तो पानी की पाइप लाइन टूट गई। बेगमपुर गांव में वाटर सप्लाई रुके करीब 10 दिन हो चुके है। वाटर सप्लाई विभाग के अधिकारियों से इस बारे में मौखिक और लिखित शिकायत की जा चुकी है। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। पानी नहीं आने से लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर गांव में पानी की सप्लाई बहाल करवाएं। इस संबंध में जनस्वास्थ विभाग के जेई राकेश मलिक ने कहा कि उन्हें इस बारे शिकायत मिली है। जेसीबी मशीन से पाइप लाइन टूटी हुई। बुधवार को इसे ठीक करवाकर गांव में पानी सप्लाई बहाल की जाएगी।