जैन मोहल्ला निवासी युवक को पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर ठगों ने 1.68 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने उसे कुछ टास्क पूरे कर अच्छे पैसे कमाने का लालच दिया था। भुक्तभोगी की शिकायत पर साइबर अपराध थाने की पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
जैन मोहल्ला निवासी अक्षत जैन ने बताया कि तीन फरवरी को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उसे पार्ट टाइम जॉब का झांसा दिया। कहा कि उसे यू-ट्यूब के वीडियो लाइक करने हैं। उसने कुछ वीडियो लाइक किए तो विश्वास में लेने के लिए उसे कुछ पैसे भी मिले। इसके बाद उसे कुछ टास्क भेजे गए। ये टास्क करने पर भी उसे कुछ पैसे दिए गए। फिर उसे और टास्क पूरे करने के लिए पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया। उसने तीन बार में बताए गए बैंक खाते में 1.68 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद उसे न तो टास्क मिले और न ही उसके पैसे वापस मिले।