अमर उजाला ब्यूरो,
थर्मल। गांव ऊंटला में शुक्रवार की शाम को थर्मल से सफीदो जाने वाली बिजली की लाइन में शार्ट सर्किट हो गया। जिसकी चिंगारी, किसान ओमप्रकाश के खेतों में गिर गई और फांस में आग लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना दमकल केंद्र व पुलिस को दी व अपने स्तर पर आग पर बुझाने में जुट गए। वहीं तेज धूप निकलने व हवा बहने के चलते आग भीषण रूप धारण कर गई। पानीपत से दमकल का टेंडर आने में काफी समय लग गया। इसके चलते पानीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन व श्रीसीमेंट प्लांट गांव खुखराना से दमकल के दो टेंडरों को आग को काबू करने के लिए भेजा गया। दमकल कर्मचारियों ने करीब दो घंटों की मशक्कत के बाद आग को काबू किया। वहीं दमकल कर्मचारियों ने सबसे पहले उन क्षेत्रों में आग को काबू किया जहां से गेहूं खडे़ खेत लगते थे। यदि थर्मल व सीमेंट फैक्टरी से दमकल के टेंडर आग को काबू करने के लिए समय रहते नहीं पहुंचते तो सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल आग में राख हो जाती। इधर, घटना सूचना मिलने पर थाना मतलौडा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दमकल कर्मचारियों, ग्रामीणों के साथ मिल कर आग को काबू करने में सहयोग किया। दूसरी ओर, मतलौडा ब्लाक के ग्रामीणों ने पानीपत उपायुक्त सुमेधा कटारिया से थाना मतलौडा में दमकल टेंडर तैनात करने की अपील की है। ताकि आग लगने की घटना होने पर दमकल का टेंडर तत्काल मौके पर पहुंच कर आग को काबू कर सके।
आग में सात एकड़ भूमि में खड़ी गेहूं की फांस आग में राख
-पानीपत से देर से पहुंची दमकल, थर्मल व सीमेंट फैक्टरी के टेंडरों ने आग को काबू किया
फोटो 30