मतलौडा। गांव कुराना की एक युवती ने भाई और जीजा के साथ विदेश भेजने के नाम पर पुजारी समेत दो लोगों से 13.20 लाख रुपये ठग लिए। युवती ने उनको सिंगापुर के एक कॉलेज में दाखिला कराने का झांसा दिया था। पुलिस ने युवती, उसके भाइयों और जीजा पर केस दर्ज कर लिया।
कुराना निवासी जगदीश कौशिक ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साथ एक मंदिर में पुजारी है। गांव की प्रीति ने बताया कि उसका जीजा कालखा निवासी संदीप सिंगापुर रहता है। वह उनको स्टडी वीजा पर सिंगापुर भेजकर काम दिला देगी। वह उनकी बातों में आ गया। उसने पैसे इकट्ठा कर प्रीति और उसके भाई सावन को दिए। उन्हें बताया कि उसका एडमिशन टेक्नालॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज में हुआ है। उसे 18 नवंबर 2022 को अमृतसर से सिंगापुर भेजा। जहां पर उसका जीजा संदीप और एक अन्य उसे एयरपोर्ट पर लेने आया। संदीप ने उससे 20 हजार रुपये नकद लिए और उस व्यक्ति के साथ कॉलेज भेज दिया। उसको पता चला कि उसकी कॉलेज में फीस नहीं भरी गई है। अधिकारियों ने उसे कॉलेज में आने से मना कर दिया। इस दौरान एजेंटों से उसका संपर्क भी टूट गया। वह भूखा प्यासा रोता रहा और फिर किसी तरह भारत वापस आया। उसने रुपये मांगे तो उसको जान से मारने की धमकी दी।
गांव के लिए व्यक्ति से सात लाख ठगे
जोगेंद्र निवासी कुराना ने पुलिस को बताया कि स्टडी वीजा पर उसे सिंगापुर भेज दिया। वहां पर प्रीति का जीजा और भाई लेने एयरपोर्ट आए। उसे कमरे पर ले गए। एक कंपनी में लगा दिया। ड्यूटी जोगेंद्र सिंह करता था और उसके पैसे संदीप के खाते में जाते थे। संदीप ने उसकी कॉलेज की फीस नहीं जमा कराई। इससे दाखिला रद्द हो गया। वह अपने रिश्तेदारों की मदद से दिल्ली आया। परिजनों ने प्रीति से पैसे मांगे तो उनको छेड़छाड़ का आरोप में फंसाने और जान से मार देने की धमकी दी।