कैश वैन में लगी आग, पूरी गाड़ी जल कर राख
पानीपत। चंडीगढ़ की प्रशांत सिक्योरिटी कंपनी का पानीपत के मॉडल टाउन स्थित नारायण सिंह पार्क के पास एजेंसी है। सोमवार सुबह करीब 12 बजे सुपरवाइजर हरिओम एल एंड टी कंपनी से कैश लेकर आईडीबीआई बैंक में जमा कराने के लिए आ गया। कैश बॉक्स को निकालने के बाद ड्राइवर राजीव वैन को लेकर फ्लाईओवर के नीचे लाकर छांव में खड़ी कर दी। करीब 10 मिनट बाद ही एक राहगीर ने ड्राइवर को बताया कि वैन के निचले हिस्से में आग लगी हुई है। यह देख राजीव ने तत्परता दिखाई। गाड़ी में रखा फायर सिलेंडर निकाल कर आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान राहगीर जुट गए। उन्होंने मिट्टी डालना शुरू कर दिया लेकिन आग भड़कती ही जा रही थी। तभी अगले दोनों टायर एक-एक कर फटे। धमाके की आवाज सुन लोग घबरा गए। डीजल टैंक फटने के डर से वह दूर भाग खड़े हुए। जल्द ही फायर टेंडर की दो गाड़ी मौके पर पहुंच गईं। 15 मिनट के अंदर ही आग को काबू कर लिया। सुपरवाइजर ने बताया कि उस वक्त गाड़ी में कैश नहीं था। फायर ऑफिसर आरडी भारद्वाज ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है।