पानीपत। गेहूं की आवक मंडियों में तेज हो गई है। जबकि खरीद अभी गति नहीं पकड़ पाई है। शनिवार शाम तक जिले की मंडियों में करीब 13 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई। इसमें से करीब छह हजार क्विंटल की खरीद की जा सकी है। किसानों का आरोप है कि एजेंसी नमी बताकर गेहूं खरीद नहीं कर रही हैं। जिला में 12 मंडी और केंद्र पर गेहूं की खरीद की जा रही है। एक अप्रैल को सरकारी खरीद शुरू की थी। शनिवार तक जिले की मंडियों में करीब 13 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई। सबसे अधिक बाबरपुर मंडी में 7330 और पानीपत में 3790 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है। इसराना मंडी में 450, मतलौडा में 550, समालखा में 990 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है। हैफेड ने 5310, एचडब्ल्यूसी ने 700 क्विंटल गेहूं की खरीद की है जबकि 130 क्विंटल प्राइवेट लोगों ने खरीदी है। मंडी में अब तक 102 किसानों की गेहूं की खरीद की है। किसान जयपाल और शमशेर सिंह ने बताया कि मंडी में गेहूं में नमी बताई जा रही है। वे खुले में गेहूं डालकर पहरेदारी करने को मजबूर हैं। किसानों की गेहूं की साथ के साथ खरीद होनी चाहिए। ताकि किसान खेतों में गेहूं कटाई का कार्य सुचारु रख सकें। ब्यूरो