गोलगप्पे देरी से खिलाने पर दुकानदार को पीटा, तोड़फोड़
पानीपत। न्यू प्रकाश नगर तहसील कैंप निवासी राजसिंह पुत्र श्रीपाल राठौर ने बताया कि वो पेशे से गोल-गप्पे की रेहड़ी लगाता है। उसने बताया कि वो सेक्टर 13-17 टी प्वांइट पर रहेड़ी लगाता है। शनिवार की शाम को वो उक्त जगह पर ग्राहकों को गोल-गप्पे खिला रहा था। इसी दौरान वहां एक गाड़ी सवार 4 लोग आए। जिन्होंने आते ही गोल-गप्पे खिलाने की बात कही। अन्य ग्राहकों को गोल-गप्पे खिलाने की वजह से दुकानदार ने उन्हें रुकने के लिए कहा। जिसके बाद वो युवक तहस में आ गए और दुकानदार के साथ गाली-गलौच करने लगे। कुछ ही पल बाद उन्होंने दुकानदार से मारपीट करनी शुरू कर दी। मारपीट के दौरान बदमाशों ने उसकी रेहड़ी पलट दी। जिससे उसका हजारों रुपये के सामान का नुकसान हो गया। स्थानीय लोग व राहगीर वहां इकट्ठे हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।